बहन के घर से लौट रहे दो युवकों पर दिनदहाड़े हमला, अज्ञात लोगों ने मारी गोली
1 min readधौलपुर राजस्थान।
धौलपुर में दिनदहाड़े गोलियों की गूंजः बहन के घर से लौट रहे दो युवकों पर हमला, पैरों में मारी गोली; पुरानी रंजिश की आशंका,
धौलपुर,
जिले के मनियां थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। कमलापुरा मोड़ रोड पर बाइक से लौट रहे दो युवकों को घेरकर पहले मारपीट की गई और फिर उन पर गोलियां चला दी गईं। हमले में दोनों युवकों के पैरों में गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों की पहचान मुकेश पुत्र एदल सिंह और हिम्मत सिंह पुत्र रामभरोषी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक चपरौली गांव में अपनी बहन के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कमलापुरा मोड़ रोड पर पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी बाइक रुकवाई और विवाद के बाद हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पहले दोनों युवकों के साथ मारपीट की और उसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली दोनों के पैरों में लगी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि हमले में शामिल कुछ आरोपी नकाबपोश थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश को मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

