सोनवारा में कीचड़-गड्ढों वाली सड़क बनी मुसीबत, ग्रामीणों ने लगाई गुहार
1 min readहलधरमऊ
सोनवारा में कीचड़-गड्ढों वाली सड़क बनी मुसीबत, ग्रामीणों ने लगाई गुहार
एंबुलेंस-स्कूल वैन का आवागमन मुश्किल
ग्रामीणों का आरोप – कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी नहीं हुआ काम,डीएम, एसडीएम से मौके पर आने की मांग
गोण्डा। जिले के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड हलधरमऊ अन्तर्गत ग्राम सोनवारा की सड़क बदहाली की तस्वीर बयां कर रही है। यहां न तो पक्की सड़क है और न ही निकासी की व्यवस्था। पूरा रास्ता कीचड़ और गड्ढों से भरा पड़ा है। बाइक तक लड़खड़ाकर चल रही है। पैदल बुजुर्गों और बच्चों का निकलना दूभर हो गया है।
स्थानीय युवा समाजसेवी अतुल कुमार शुक्ल ने बताया कि सड़क के किनारे कचरे का ढेर लगा है। इससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। बारिश में यह पूरा रास्ता तालाब बन जाता है। ऐसे में एंबुलेंस और स्कूल वैन का आना तो दूर, लोग पैदल भी नहीं चल पाते। ग्रामीणों का कहना है कि “यह सिर्फ मिट्टी का रास्ता नहीं है। यह बच्चों के स्कूल का रास्ता है, मरीज के अस्पताल का रास्ता है, जनाजे का रास्ता है। इसकी हालत देखकर लगता है प्रशासन सो रहा है।” अतुल शुक्ल ने कहा कि जनता वोट देकर सरकार चुनती है तो उम्मीद करती है कि उसे कीचड़ में न चलना पड़े। कई बार प्रार्थना-पत्र देने के बाद भी काम न होना सबसे ज्यादा चुभता है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने मांग की है कि उन्हें कोई हाईवे नहीं चाहिए। उन्हें सिर्फ इज्जत वाली सड़क चाहिए – खड़ंजा या इंटरलॉकिंग, ताकि बारिश में भी लोग सर उठाकर सुरक्षित निकल सकें। ग्रामीणों ने डीएम गोंडा और एसडीएम करनैलगंज से निवेदन किया है कि वे इन तस्वीरों को देखें और एक बार खुद मौके पर आकर समस्या का समाधान करें। उनका कहना है “सरकार कहती है सबका साथ, सबका विकास। तो विकासखंड हलधरमऊ के ग्राम सोनवारा में विकास कब।

