एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में कंपोजिट विद्यालय जहानगढ़ बना पर्यावरण संरक्षण की मिसाल
1 min read50 नए पौधों का हुआ रोपण
अलीगढ़ जहानगढ़
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 12 जुलाई 2026 को आयोजित महावृक्षारोपण अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य को सफल बनाने के लिए कंपोजिट विद्यालय जहानगढ़ में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया गया। विद्यालय परिसर में इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्रीनिवास शर्मा के नेतृत्व में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, इको क्लब के सदस्यों, ग्राम प्रधान पवन कुमार शर्मा, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष राम रतन तथा अन्य गणमान्य नागरिकों ने मिलकर 50 पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
विद्यालय के सहायक अध्यापक राजकुमार शर्मा का इस अभियान को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने स्पष्ट किया कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा से निभाई जाएगी।
कंपोजिट विद्यालय जहानगढ़ आज हरित परिसर के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुका है। विद्यालय में अब तक लगभग 2000 पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनमें 32 प्रकार की प्रजातियां शामिल हैं। इनमें औषधीय पौधे, फलदार वृक्ष, छायादार पौधे तथा विभिन्न रंग-बिरंगे फूलों की प्रजातियां विद्यालय परिसर की सुंदरता बढ़ा रही हैं।
विद्यालय का हरियाली मॉडल आसपास के क्षेत्रों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गया है। शिक्षकों का मानना है कि विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम स्वयं पौधारोपण और पौधों की देखभाल है। विद्यालय का यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा है।

