सीताकुण्ड धाम पर गोमती मित्रों का 740वां साप्ताहिक श्रमदान संपन्न
1 min readसुलतानपुर
गोमती मित्र मंडल द्वारा सीताकुण्ड धाम पर रविवार को 740वां साप्ताहिक श्रमदान उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के दौरान घाट एवं धाम परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मदन ने कहा कि “गोमती मित्र मंडल का संकल्प है—’न रुके कदम,न थका तन,न हुए विचलित,न ऊबा मन।’ वर्षों के सतत श्रमदान का परिणाम है कि सीताकुण्ड धाम आज जनआस्था और स्वच्छता का प्रमुख केंद्र बन चुका है। जहाँ कभी सन्नाटा रहता था, वहीं अब श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इससे स्थानीय नाविकों एवं छोटे व्यापारियों को भी रोजगार मिला है और जनपद के मंदिरों में गोमती मैया की जयकार गूंज रही है।”
मंडल के प्रबंधक राजेंद्र शर्मा ने कहा कि “740 सप्ताह की यह निरंतर यात्रा समाज की सहभागिता और सेवा भावना का परिणाम है। हमारा प्रयास केवल सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि जनजागरण और पर्यावरण संरक्षण का भी है।”
श्रमदान में प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मदन, प्रबंधक राजेंद्र शर्मा, प्रवक्ता रमेश माहेश्वरी, सेनजीत कसौधन दाऊ, दिनकर सिंह, राकेश सिंह दद्दू, अरुण गुप्ता, मुन्ना सोनी, रामु सोनी, सौरभ कसौधन, आलोक तिवारी, श्याम मौर्या, आभास शर्मा, आयुष सोनी, अभय मिश्रा सहित अन्य गोमती मित्र उपस्थित रहे।

