गोल्डन आवर में मिलेगी त्वरित मदद, धौलपुर में 24×7 सक्रिय रहेगा 112 रेस्क्यू वाहन
1 min readधौलपुर, राजस्थान
राष्ट्रीय एवं अंतरराज्यीय राजमार्गों पर सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने गुलाब बाग यातायात पुलिस ट्रैफिक प्वाइंट पर 112 ईआरएसएस (आपात प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली) रेस्क्यू वाहन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहन में उपलब्ध आधुनिक रेस्क्यू एवं प्राथमिक उपचार उपकरणों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला घंटा, जिसे “गोल्डन आवर” कहा जाता है, घायलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि इस दौरान घायल व्यक्ति को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल जाए तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसी उद्देश्य से 112 रेस्क्यू वाहन राष्ट्रीय राजमार्गों पर 24 घंटे सक्रिय रहकर दुर्घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचेगा।
उन्होंने बताया कि यह विशेष वाहन “रेस्क्यू ऑन व्हील्स” की अवधारणा के तहत कार्य करेगा। इसमें जीवन रक्षक उपकरण, प्राथमिक उपचार सामग्री तथा दुर्घटना के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई भी की जाएगी।
एसपी ने संबंधित स्टाफ को निर्देश दिए कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी सड़क दुर्घटना या आपात स्थिति में तत्काल 112 तथा राष्ट्रीय राजमार्ग सहायता के लिए 1033 हेल्पलाइन पर सूचना दें।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

