घायल पति को देखने जा रही पत्नी की दुर्घटना में मौत
1 min readअमानीगंज अयोध्या
खंडासा क्षेत्र के कलंदरपुर गांव के पास वाहन के इंतजार में खड़ी महिला की बुलेट की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। महिला दुर्घटना में घायल हुए अपने पति को देखने जा रही थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। इनायत नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
नंदौली गांव निवासी संतराम अपनी पत्नी को लेकर शुक्रवार को कलंदरपुर गांव में अपनी बहन के यहां गए थे, शनिवार सुबह वह अपनी बहन शोभा को लेकर किसी काम से घर से निकले थे, गांव के बाहर ही वह एक वाहन की टक्कर से घायल हो गए। दुर्घटना में उनका एक अंगूठा कट गया। लोग उन्हें इलाज के लिए अमरगंज बाजार ले गए, यह बात जैसे ही उनकी पत्नी ज्योति (38) को पता चली वह अपनी 12 वर्षीय बेटी के साथ अमरगंज के लिए निकल पड़ी। मिल्कीपुर से अमानीगंज सड़क पर टैक्सी का इंतजार कर रही थी कि एक बुलेट ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोटें आई गई। आनन-फानन में ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं बेटी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया है।

