ईंट भट्ठा संचालक पर शोषण का आरोप, मजदूर ने 5.20 लाख बकाया मजदूरी न देने की शिकायत
1 min read
बीकापुर अयोध्या

जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामनगर चौकिया के एक ईंट भट्ठे पर कार्यरत मजदूर और उनकी पत्नी ने भट्ठा संचालक एवं प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आज शनिवार को 4 बजे शिकायत कर पीड़ित के द्वारा दंपती ने आर्थिक शोषण और बुनियादी सुविधाओं से वंचित करने का दावा करते हुए जिलाधिकारी, श्रम विभाग और जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, जालौन जिले के कोटरा, उरई निवासी उमेश चंद्र और उनकी पत्नी शांति देवी कई वर्षों से इस ईंट भट्ठे पर काम कर रहे हैं। उमेश चंद्र का कहना है कि वे भट्ठे पर मुंशीगिरी, ईंटों की ढुलाई और अन्य श्रमिक कार्य करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मजदूरी का एक बड़ा हिस्सा उन्होंने बेटी की शादी के लिए भट्ठा प्रबंधन के पास ही जमा रहने दिया था।
पीड़ित दंपती के मुताबिक, जब उनकी बेटी की शादी तय हुई और उन्होंने अपना हिसाब मांगा, तो उन्हें गलत लेखा-जोखा दिखाकर टाल दिया गया। शिकायत में दावा किया गया है कि भट्ठा प्रबंधन पर उनकी मजदूरी और खुराकी के लगभग 5.20 लाख रुपये बकाया हैं। बार-बार मांग करने के बावजूद उन्हें यह भुगतान नहीं किया गया है।
दंपती ने यह भी आरोप लगाया है कि बकाया राशि मांगने के बाद उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। भट्ठे पर उनके लिए बिजली और पानी जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं भी बंद कर दी गईं, जिससे उनके परिवार को कठिन परिस्थितियों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। उमेश चंद्र ने बताया कि इससे पहले उन्होंने स्थानीय चौरे बाजार पुलिस चौकी में भी शिकायत दर्ज कराई थी।
उस समय दोनों पक्षों के बीच सुलह का प्रयास किया गया था, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका और न ही उन्हें बकाया भुगतान मिला। मजदूर का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण वे अपनी बेटी की शादी भी नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बकाया मजदूरी का भुगतान दिलाने और भट्ठे पर श्रमिकों को बिजली, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। इस मामले को लेकर प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है

