November 17, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

राधे फाउण्डेशन के तत्वावधान में आयोजित हुई निबंध प्रतियोगिता, विजेता प्रतिभागियों को शील्ड एवं प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित

1 min read
Spread the love

जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान : सुशील तिवारी

राधे फाउण्डेशन के तत्वावधान में आयोजित हुई निबंध प्रतियोगिता, विजेता प्रतिभागियों को शील्ड एवं प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित

रूपईडीह, गोंडा। राधे फाउण्डेशन के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत जागरूक मतदाता– सशक्त राष्ट्र विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील तिवारी ने की, जबकि संचालन सतीश शुक्ल ने किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने विचारों और लेखन के माध्यम से निष्पक्ष मतदान , लोकतंत्र की मजबूती तथा राष्ट्र निर्माण में मतदाता की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुशील तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक नागरिकों में निहित है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों को अभी से लोकतांत्रिक मूल्यों , निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी को समझना चाहिए, ताकि वे भविष्य में एक जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बन सकें।
राधे फाउण्डेशन के सचिव रजनी कान्त तिवारी ने अपने प्रभावशाली संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जागरूक भागीदारी से सुनिश्चित होती है। एक-एक मत देश की दिशा और दशा तय करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म, लालच और दबाव से ऊपर उठकर योग्य एवं जनहित के प्रति प्रतिबद्ध प्रतिनिधि का चयन करना ही सच्चे लोकतांत्रिक नागरिक की पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं समाज को भी मतदान के प्रति प्रेरित करें। कार्यक्रम का संचालन करते हुए सतीश शुक्ल ने कहा कि मतदाता जागरूकता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं की जागरूक सोच ही देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में इंद्रजीत मौर्य, राजीव सोनी एवं सतीश शुक्ल शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की विषयवस्तु, विचारों की स्पष्टता एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। इसमें मीनाक्षी गुप्ता ने प्रथम, महक ने द्वितीय तथा मुकेश मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को शील्ड एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राधे फाउण्डेशन के अध्यक्ष बृजेश तिवारी, कप्तान शुक्ल, शिक्षक जगप्रसाद, आनंद दूबे, अनुराग, कृष्णपाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
समापन सत्र में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायक मंडल, विद्यालय परिवार एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना, मतदान के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का सकारात्मक संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *