November 17, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

सीएचसी में अधीक्षक की मनमानी चरम पर: डॉक्टर की कुर्सी पर चेला, मरीज बेड पर तड़प रहा- रेफर, स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल

1 min read
Spread the love

कर्नलगंज सीएचसी में अधीक्षक की मनमानी चरम पर: डॉक्टर की कुर्सी पर चेला, मरीज बेड पर तड़प रहा- रेफर, स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल

जिम्मेदारों की घोर लापरवाही उजागर, सीएमओ की निरंकुशता पर सवाल

गोंडा)। योगी सरकार भले ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लाख दावे करे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। कर्नलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सामने आए इस वीडियो ने पूरी व्यवस्था की पोल खोल दी है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि डॉक्टर के केबिन में डॉक्टर मौजूद नहीं है, उसकी जगह एक प्राइवेट लड़का कुर्सी पर बैठा है और मजे से मोबाइल चला रहा है। जब मरीज के तीमारदार उससे डॉक्टर के बारे में पूछते हैं तो वह बेफिक्र अंदाज में बैठा रहता है। वहीं दूसरी तरफ ड्रेसिंग रूम में एक मरीज गंभीर हालत में स्ट्रेचर पर पड़ा तड़प और चिल्ला रहा है, उसके पास दो महिलाएं बैठी हैं। परिजनों का आरोप है कि रात 8 बजे से मरीज आया है लेकिन कोई इलाज नहीं मिला। *”का चीज का हुआ? किसी की ड्यूटी नहीं है,?”- वीडियो में तीमारदार कहते सुनाई दे रहे हैं कि कोई ड्यूटी पर नहीं है। सबसे बड़ा सवाल – जब अस्पताल में “समस्त सेवाएं निःशुल्क” लिखी हैं तो फिर मरीजों को इलाज क्यों नहीं मिल रहा? डॉक्टर अपनी कुर्सी किसी प्राइवेट लड़के को सौंपकर कहां गायब है? यह वीडियो सीएमओ गोंडा की कार्यप्रणाली पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। आखिर बिना संरक्षण के डॉक्टर अपनी कुर्सी किसी अनजान लड़के को कैसे सौंप सकता है?
जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने वाला शर्मनाक वीडियो कर्नलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सामने आया है। जहां सीएचसी अधीक्षक की मनमानी और डॉक्टर की घोर लापरवाही व गैर जिम्मेदाराना रवैये के चलते एक मरीज तीन घंटे तक स्ट्रेचर पर तड़पता रहा, लेकिन उसे प्राथमिक उपचार तक नसीब नहीं हुआ। मामला सोमवार रात करीब 8 बजे का बताया जाता है। मरीज को गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया था। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने खानापूर्ति के लिए बोतल लगाई और अपने निजी आवास/कमरे में जाकर सो गया। मरीज दर्द से चिल्लाता रहा, परिजन इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन वार्ड में कोई देखने वाला नहीं था। वायरल वीडियो में अस्पताल की कुर्सी पर एक प्राइवेट लड़का बैठा दिख रहा है। जब परिजनों ने उससे डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा तो उसका जवाब था -“नंबर लिखा है, तुम ही फोन मिला लो।”
काफी जद्दोजहद के बाद जब डॉक्टर नींद से जागकर आया तो उसने मरीज को छूना तक मुनासिब नहीं समझा और सीधे हाथ में रेफर की पर्ची थमा दी। वीडियो में डॉक्टर कहते सुना जा सकता है -“यह हमारे बस का नहीं है, सीनियर को देखना चाहिए।” परिजनों का आरोप है कि कर्नलगंज सीएचसी में यह रोज का धंधा बन गया है। सारी सुविधा, दवाएं और उपकरण अस्पताल में मौजूद होने के बावजूद डॉक्टरों को मेहनत नहीं करनी पड़ती, इसलिए हर गंभीर मरीज को जिला अस्पताल के नाम पर रेफर कर दिया जाता है। आसान भाषा में कहें तो कर्नलगंज सीएचसी अब इलाज केंद्र नहीं, बल्कि सिर्फ “रेफर सेंटर” बनकर रह गया है।

सीएमओ की निरंकुशता पर सवाल –

सबसे बड़ा सवाल मुख्य चिकित्सा अधिकारी गोंडा की कार्यशैली पर उठ रहा है। जिले में लगातार सीएचसी और पीएचसी से डॉक्टरों की अनुपस्थिति, प्राइवेट प्रैक्टिस और मरीजों को रेफर करने की शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन सीएमओ द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि सीएमओ की ढिलाई के कारण ही डॉक्टर बेलगाम हो गए हैं और अपनी मनमानी पर उतारू हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी गोंडा और शासन से मांग की है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर कर्नलगंज सीएचसी सीएचसी अधीक्षक और ड्यूटी पर तैनात लापरवाह डॉक्टर और ड्यूटी से गायब रहने वाले स्टाफ के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जाए, ताकि गरीब मरीजों की जान से इस तरह खिलवाड़ बंद हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *