July 5, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

पुलिस को मिला आधुनिक रेस्क्यू वाहन, सड़क हादसों में घायलों को मिलेगी त्वरित राहत,

1 min read
Spread the love

धौलपुर, राजस्थान
सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से धौलपुर ट्रैफिक पुलिस को नया हाईवे पेट्रोलिंग एवं रेस्क्यू वाहन उपलब्ध कराया गया है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने शनिवार को वाहन का निरीक्षण कर उसमें उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं एवं उपकरणों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को इसके प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।
ट्रैफिक इंचार्ज बलविंदर सिंह ने बताया कि इस वाहन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में तत्काल राहत पहुंचाना और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।
वाहन में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जिससे दुर्घटना में घायल लोगों को मौके पर ही शुरुआती उपचार दिया जा सकेगा। इसके अलावा आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सिलेंडर भी लगाया गया है, जिससे शुरुआती स्तर पर आग पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह आधुनिक हाईवे पेट्रोलिंग एवं रेस्क्यू वाहन केवल सड़क दुर्घटनाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अपराध नियंत्रण गतिविधियों की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा अपराधियों की तलाश एवं त्वरित पुलिस कार्रवाई में भी उपयोगी साबित होगा। साथ ही बारिश या प्राकृतिक आपदाओं के दौरान हाईवे पर गिरे पेड़ों को हटाने और अन्य राहत एवं बचाव कार्यों में भी इसका इस्तेमाल किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि इस वाहन के संचालन से सड़क दुर्घटनाओं के दौरान ‘गोल्डन ऑवर’ में राहत कार्यों की गति बढ़ेगी, जिससे घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी और जिले की सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *