July 5, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

पुलिस द्वारा संपर्क सभा, जागरूकता संवाद एवं महिला बीट अधिकारियों बैठक की आयोजित

1 min read
Spread the love

धौलपुर राजस्थान।

महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम के तहत धौलपुर पुलिस द्वारा संपर्क सभा, जागरूकता संवाद एवं महिला बीट अधिकारियों बैठक की आयोजित

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में पुलिस लाईन धौलपुर में आयोजित हुए कार्यक्रम

आज पुलिस लाइन, धौलपुर में पुलिस मुख्यालय एवं महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज, भरतपुर कैलाश विश्नोई के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में धौलपुर पुलिस द्वारा “महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम” के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में आयोजित “संपर्क सभा” से हुआ, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ गिर्राज प्रसाद मीणा, वृताधिकारी वृत्त धौलपुर कृष्ण राज जांगिड, उप पुलिस अधीक्षक साइबर थाना धौलपुर ब्रजेश कुमार सहित जिले के कई थानाधिकारीगण, बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, पुलिस जवान, महिला पुलिसकर्मी एवं मंत्रालयिक कर्मचारियों ने सहभागिता की।

संपर्क सभा के दौरान जेंडर सेंसिटाइजेशन, राजकॉप ऐप के प्रभावी उपयोग, महिला बीट अधिकारी योजना, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट तथा महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न नवाचारों एवं कानूनी प्रावधानों पर अधिकारियों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस कार्मिकों को महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशील एवं पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग अपनाने, शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा महिला सुरक्षा संबंधी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इसके पश्चात महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम एवं नवीन आपराधिक कानूनों में उनके हितों के लिए किए गए प्रावधानों के संबंध में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं छात्राओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, महिला हेल्पलाइन, आपातकालीन सहायता, महिला अधिकारों तथा कानूनी सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। छात्राओं को किसी भी प्रकार की घटना होने पर बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने तथा जागरूक एवं सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने जिले की सभी महिला बीट अधिकारियों की बैठक लेकर महिला सुरक्षा संबंधी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, बीट क्षेत्र में प्रभावी भ्रमण, महिलाओं एवं बालिकाओं से सतत संवाद, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा जन-जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण धौलपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। धौलपुर पुलिस महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील, उत्तरदायी एवं जनहितैषी पुलिसिंग के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सुरक्षित वातावरण स्थापित करने हेतु सतत प्रयास करती रहेगी। इस दौरान वृताधिकारी वृत्त धौलपुर कृष्ण राज जांगिड, अपराध सहायक राम अवतार बैरवा, एलओ मोहन सिंह, हवलदार मेजर जसराम सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान उपस्थित रहें।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *