July 5, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

पूर्व दस्यु जगन गुर्जर के भभूतिपुरा गांव में आयोजित तीये एवं श्रद्धांजलि सभा में जुटे गुर्जर समाज के सैकड़ों लोग ,

1 min read
Spread the love

पूर्व दस्यु जगन गुर्जर के भभूतिपुरा गांव में आयोजित तीये एवं श्रद्धांजलि सभा में जुटे गुर्जर समाज के सैकड़ों लोग ,

समाज के लोगों की मौजूदगी के बीच सरकार के साथ हुए समझौते पर कार्रवाई न होने को लेकर किया गया आगामी रणनीति पर मंथन ,

बाड़ी धौलपुर
पूर्व दस्यु जगन गुर्जर की मौत के बाद भभूतिपुरा गांव में आयोजित तीये एवं श्रद्धांजलि सभा में बुधवार को गुर्जर समाज के सैकड़ों लोग जुटे। सभा में बड़ी संख्या में समाज के लोगों की मौजूदगी के बीच सरकार के साथ हुए समझौते पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर आगामी रणनीति पर मंथन किया गया। पंच-पटेलों और समाज के प्रमुख लोगों के बीच इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई।
गौरतलब है कि जगन गुर्जर की 29 जून को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल की बैरक में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार और समाज द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया था, जिसके बाद सरकार और परिवार के बीच लिखित समझौता हुआ था। हालांकि, परिवार और समाज के लोगों का आरोप है कि समझौते की शर्तों पर अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।इसी को लेकर जगन गुर्जर के पुत्र आसाराम ने समाज के लोगों से तीये की बैठक में शामिल होकर आगामी रणनीति तय करने का आह्वान किया था। श्रद्धांजलि सभा में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई और विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

पंच-पटेलों से समाज की आगामी रणनीति पर सुझाव रखने का किया आग्रह ,

सभा को संबोधित करते हुए गुर्जर समाज के युवा प्रह्लाद खटाना ने कहा कि बढ़ते विरोध के बाद सरकार ने लिखित समझौता किया था, लेकिन जगन गुर्जर के भाई पप्पू गुर्जर एवं अन्य परिजनों को अंतिम संस्कार में शामिल कराने के अलावा अन्य बिंदुओं पर अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है।उन्होंने दावा किया कि समझौते के अनुसार परिवार को सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई है, पप्पू गुर्जर को अजमेर जेल से अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया गया है तथा मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपने की मांग भी लंबित है।
प्रह्लाद खटाना ने मामले पर स्वतः संज्ञान लेने के लिए राजस्थान हाईकोर्ट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की शांति और संयम को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने सभा में मौजूद पंच-पटेलों से समाज की आगामी रणनीति पर सुझाव रखने का आग्रह भी किया।इस दौरान श्रद्धांजलि सभा में पूर्व जिला प्रमुख दुर्ग सिंह अंदाना, युवा कांग्रेसी रामवीर पोसवाल, जगन गुर्जर के पुत्र आसाराम , पूर्व प्रधान पूरन सिंह गुर्जर, भगवान दास गुर्जर ,विधायक मुरैना दिनेश सिंह गुर्जर, विधायक हरियाणा, राष्ट्रीय अध्यक्ष गुर्जर समाज सहित अनेक प्रांतो के गुर्जर समाज के आसपास के गांवों और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समाज के सैकड़ों लोग और युवा उपस्थित रहे।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *