पति-पत्नी के विवाद में यमुना में छलांग, पत्नी की मौत, पति की हालत गंभीर
1 min readबांदा
पति-पत्नी के विवाद में यमुना में छलांग, पत्नी की मौत, पति की हालत गंभीर – दिल्ली से लौटते ही घरेलू कलह में उठाया कदम; 4 बच्चों के सिर से उठा मां का साया
बांदा: मरका कस्बे में घरेलू विवाद के चलते पति-पत्नी ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों और मरका पुलिस ने दोनों को नदी से बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में पति को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना सोमवार देर शाम की है। मरका कस्बा निवासी रामलखन 35 पुत्र रामलाल बाहर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह सोमवार सुबह ही दिल्ली से गांव लौटा था। शाम को पत्नी सीमा उर्फ दीपिका 30 से घरेलू कलह हुई, जिसके बाद दोनों घर से करीब 1.5 किमी दूर यमुना नदी पहुंचे और छलांग लगा दी।
स्थानीय लोगों ने दोनों को नदी में कूदते देखा तो तुरंत मरका पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को नदी से बाहर निकाला और आनन-फानन सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने सीमा उर्फ दीपिका को मृत घोषित कर दिया। रामलखन की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया गया।
मृतका के दो बेटे और दो बेटियां हैं। घटना के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी और थाना प्रभारी सुखराज बिंदु पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी सुखराज बिंदु ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।

