गांव कोड की समस्या को लेकर ग्रामीणों का तहसील में धरना प्रदर्शन, समाधान न होने से आक्रोशित ग्रामीण
1 min read
मिल्कीपुर, अयोध्या।
तहसील दिवस के मौके पर शनिवार को मिल्कीपुर तहसील प्रांगण में ग्राम पंचायत भागीपुर के ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का ग्राम कोड सही न होने के कारण उन्हें सरकारी योजनाओं और अन्य जरूरी कार्यों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने यह कदम उठाया।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत भागीपुर में गांव कोड की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इस संबंध में ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों द्वारा कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार उपेक्षा से परेशान होकर ग्रामीणों ने तहसील परिसर में एक दिवसीय धरना देकर अपनी मांगों को प्रशासन के सामने रखा।
धरने के बाद ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द गांव कोड की समस्या का निस्तारण कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उन्हें आगे भी आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस दौरान ग्राम प्रधान सहित ग्रामीण सुभाष तिवारी, देवी प्रसाद, शिवा, ऋषि, योगेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अधिकारियों से मांग की कि उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत प्रदान की जाए। वहीं मामले को लेकर अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं कि आखिर बार-बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान क्यों नहीं हो सका।
रिपोर्टर – प्रभु शरन यादव


