तहसील प्रांगण में दस्तावेज लेखकों का तीसरे दिन भी कार्य बहिष्कार धरना रहा जारी
1 min readबीकापुर अयोध्या
सरकार द्वारा ई रजिस्ट्री व्यवस्था लागू करने के निर्देश के विरोध में दस्तावेज लेखकों तथा स्टांप विक्रेताओं का प्रदेश व्यापी विरोध प्रदर्शन बीकापुर में बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। धरना रत दस्तावेज लेखक बुधवार को भी दिनभर निबंधन कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठे रहे तथा तीसरे दिन भी निबंधन कार्य पूर्ण रूप से प्रभावित हुआ। क्रय विक्रय की बाधित प्रक्रिया के बीच कई क्रेता विक्रेता परेशान दिखाई दिए। बीकापुर में तैनात उप निबंधक संदीप कुमार ने बताया कि यद्यपि सरकार की रजिस्ट्री व्यवस्था संस्थागत संस्थाओं की क्रेता होने की दशा में ही लागू होगी। यह व्यवस्था विकास प्राधिकरण जैसी संस्थाओं पर ही सक्रिय होगी। फिर भी शंका वश दस्तावेज लेखक धरने पर है। सरकार ने 12 जून को स्पष्टीकरण दिया है। वहीं दूसरी ओर दस्तावेज लेखक यूनियन के बैनर तले धरने पर बैठे स्टांप विक्रेता दयाशंकर शर्मा ने दावा किया कि सरकार लगातार ई स्टाम्प की भांति ई रजिस्ट्री लागू करके मौजूदा व्यवस्था में जुड़े लोगों को बेरोजगार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जब तक सरकार की तरफ से उचित समाधान नहीं किया जाएगा तब तक धरना अनवरत जारी रहेगा। बुधवार को धरने पर मुख्य रूप से गुरु प्रसाद, शिवकुमार मिश्र, उमाशंकर, विनोद कुमार, विनय पांडेय, वीरेंद्र शर्मा, चंद्रदेव, रामस्वरूप मिश्रा, कन्हैया लाल सहित करीब दो दर्जन दस्तावेज लेखक तथा स्टांप विक्रेता धरने पर मौजूद रहे।

