June 16, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस नियंत्रण एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर बैठक आयोजित

1 min read
Spread the love

जिला कलक्टर की अध्यक्षता में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस नियंत्रण एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर बैठक आयोजित
धौलपुर,

कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (सीडीवी) के संक्रमण की रोकथाम, नियंत्रण एवं वन्यजीव संरक्षण के संबंध में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों, पशुपालन विभाग, वन विभाग, नगर निगम एवं अन्य संबद्ध एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस के बढ़ते प्रभाव एवं इसके कारण वन्यजीवों, विशेषकर मांसाहारी प्रजातियों पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वायरस की रोकथाम के लिए समन्वित एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि आवारा एवं पालतू श्वानों में इस बीमारी की पहचान, उपचार एवं टीकाकरण अभियान को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए, जिससे संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। साथ ही वन क्षेत्रों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध मामलों की सूचना तत्काल संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने कैनाइन डिस्टेंपर वायरस के लक्षण, संक्रमण के कारणों तथा बचाव के उपायों की जानकारी प्रस्तुत की। बताया गया कि यह वायरस मुख्य रूप से कुत्तों में पाया जाता है, लेकिन इसके संक्रमण से वन्यजीव भी प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए समय रहते प्रभावी रोकथाम एवं टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है।
जिला कलक्टर ने जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को बीमारी के प्रति जागरूक किया जाए तथा पालतू श्वानों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में संक्रमण की स्थिति की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने जिले में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस की रोकथाम एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में उपवन संरक्षक वी चेतन कुमार, जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, उपवन संरक्षक वन्य जीव डॉ. आशीष व्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *