बाड़ी-बसेड़ी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ऑटो और बाइक की टक्कर में किशोरी समेत 2 की मौत
1 min readबसेड़ी, धौलपुर
बाड़ी-बसेड़ी मार्ग पर मंगलवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोरी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा करीब 12 बजे नहर कोठी के समीप ऋषिका पेट्रोल पंप के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार टेंपो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बसेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 112 चालक विवेक शर्मा की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसेड़ी पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने 10 वर्षीय शिवन्या पुत्री रामबरन निवासी बरौली का पुरा बाड़ी को मृत घोषित कर दिया। वहीं उपचार के दौरान 70 वर्षीय भगवती देवी उर्फ बत्तो पत्नी फतेह सिंह निवासी सलेमपुर, बसेड़ी ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में घायल एक अन्य महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। मामले की जांच जारी है।
धौलपुर राजस्थान से विजय शर्मा की रिपोर्ट।।

