ग्रामीण सेवा शिविर बना खुशियों का माध्यम, जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी के हाथों मिला भूमि स्वामित्व का अधिकार
1 min readपट्टा मिला तो बदल गई जिंदगी वर्षों की प्रतीक्षा के बाद राधेश्याम, राजवीर और रामविलास का सपना हुआ साकार
ग्रामीण सेवा शिविर बना खुशियों का माध्यम, जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी के हाथों मिला भूमि स्वामित्व का अधिकार
धौलपुर
जीवन में कुछ दस्तावेज केवल कागज नहीं होते, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और भविष्य की नई उम्मीद लेकर आते हैं। ग्राम सूरजपुरा निवासी राधेश्याम, राजवीर और रामविलास के लिए भूमि का पट्टा भी ऐसा ही एक महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित हुआ, जिसकी उन्हें वर्षों से प्रतीक्षा थी।
पुरानी छावनी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने जब तीनों लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए, तो उनके चेहरे पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। लंबे समय से भूमि पर स्वामित्व के अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे इन ग्रामीणों का सपना आखिरकार पूरा हो गया।
राधेश्याम बताते हैं कि वर्षों से परिवार भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज की उम्मीद लगाए हुए था। पट्टा मिलने के बाद अब उन्हें अपने अधिकारों की कानूनी मान्यता मिल गई है। वहीं राजवीर का कहना है कि अब भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपने परिवार के लिए सुरक्षित भविष्य बनाने का रास्ता और आसान हो गया है।
रामविलास ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का समाधान इतनी सरलता और पारदर्शिता से हो जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर वास्तव में आमजन के लिए राहत का बड़ा माध्यम बन रहे है।
जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसके अधिकार समय पर प्राप्त हों। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है और उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रहा है।
पट्टा वितरण से लाभार्थियों को न केवल भूमि पर कानूनी अधिकार मिला है, बल्कि उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा का भी नया आधार प्राप्त हुआ है। यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि प्रशासनिक पहल और जनकल्याणकारी योजनाएं किस प्रकार आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।
आज राधेश्याम, राजवीर और रामविलास के चेहरे पर दिखाई दे रही मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि सरकार की योजनाएं जब धरातल पर पहुंचती हैं, तो वे लोगों के जीवन में नई आशा, नया विश्वास और नए अवसर लेकर आती हैं।
विजय कुमार शर्मा

