जिले की ग्राम पंचायतों में शुक्रवार से आयोजित होंगे ‘ग्रामीण सेवा शिविर’
1 min readजिले की ग्राम पंचायतों में शुक्रवार से आयोजित होंगे ‘ग्रामीण सेवा शिविर’
12 जून से 15 जुलाई 2026 तक प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगेंगे जन-कल्याण शिविर
22 प्रमुख विभागों की सहभागिता से नागरिकों को मौके पर ही मिलेगा योजनाओं का लाभ,
धौलपुर,
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा एवं निर्देशों की अनुपालना में जिले में आमजन को राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ सीधे उनके घर-द्वार तक पहुँचाने के लिए 12 जून से 15 जुलाई तक ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने बताया कि महा-अभियान के तहत 21 महत्वपूर्ण विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। शिविरों का समय सप्ताह के कार्य दिवसों में प्रातः 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक (अथवा कार्य समाप्ति तक) रहेगा। उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक का कार्य उसी दिन पूर्ण करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। यदि सायं 6 बजे तक कुछ कार्य अपूर्ण या लंबित रहते हैं, तो विभागवार उनकी सूची संधारित की जाकर समयबद्ध रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। शिविर की शुरुआत से समाप्ति तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
दो दिवस में यहां होगा शिविरों का आयोजन
जिला कलक्टर ने बताया कि 12 जून को उपखण्ड धौलपुर की ग्राम पंचायत पचगांव एवं विरौंधा के अटल सेवा केन्द्र में, उपखण्ड बाड़ी की ग्राम पंचायत कंचनपुर के अटल सेवा केन्द्र में, उपखण्ड बसेड़ी की ग्राम पंचायत खनपुरा के अटल सेवा केन्द्र में, उपखण्ड राजाखेड़ा की ग्राम पंचायत सिकरौदा के अटल सेवा केन्द्र में, उपखण्ड सैपऊ की ग्राम पंचायत गढ़ी चटौला के अटल सेवा केन्द्र में तथा उपखण्ड सरमथुरा की ग्राम पंचायत आंगई के अटल सेवा केन्द्र में 15 जून को उपखण्ड धौलपुर की ग्राम पंचायत पुरानी छावनी के महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय में एवं दुल्हारा के अटल सेवा केन्द्र में, उपखण्ड बाड़ी की ग्राम पंचायत बिजोली के अटल सेवा केन्द्र में एवं सूरोठी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में, उपखण्ड बसेड़ी की ग्राम पंचायत धौर्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एवं खिडौरा के अटल सेवा केन्द्र में, उपखण्ड राजाखेड़ा की ग्राम पंचायत बाजना एवं सिलावट के अटल सेवा केन्द्र में, उपखण्ड सैपऊ की ग्राम पंचायत दौनारी एवं पिपहेरा के अटल सेवा केन्द्र में तथा उपखण्ड सरमथुरा की ग्राम पंचायत रहरई के अटल सेवा केन्द्र में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

