प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सजग रहकर कार्य करें – जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी,
1 min readधौलपुर, राजस्थान
आगामी वर्षा ऋतु एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन समिति की बैठक डीओआईटी के वीसी कक्ष में वर्चुअल माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को आपदा से निपटने के लिए पूर्ण सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान अतिवृष्टि एवं बाढ़ की संभावनाओं को देखते हुए सभी विभाग अपने-अपने नियंत्रण कक्ष स्थापित करें तथा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर उनकी जानकारी जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएं। अधिकारियों को बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने तथा कर्मचारियों को अनावश्यक अवकाश नहीं देने के निर्देश भी दिए गए।
जिला कलक्टर ने संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों और ढाणियों का सर्वे कर पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने, राहत शिविरों, भोजन, दवाइयों, पेयजल, गोताखोरों, रस्सियों, टॉर्च, पंपसेट तथा आवश्यक ईंधन का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश दिए। नगर परिषद और नगर पालिकाओं को नालों की सफाई, जलदाय विभाग को सुरक्षित पेयजल आपूर्ति, चिकित्सा विभाग को 24 घंटे नियंत्रण कक्ष और मोबाइल मेडिकल टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
ऊर्जा विभाग को विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने, सार्वजनिक निर्माण विभाग को जर्जर भवनों की पहचान, जलभराव वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने तथा नदी-नालों और रपटों पर सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारा, दवाइयों एवं टीकाकरण की व्यवस्था तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को आवश्यक खाद्यान्न का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए.एन. सोमनाथ, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

