भाजपा राहुल नगर मंडल अध्यक्ष प्रदीप ( बब्लू) मालवीय पर चलादिया चाबुक , किया गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
1 min read
अखंड नगर/ सुलतानपुर
स्थानीय थाना क्षेत्र के हंसराजपुर फरीदपुर निवासी शुभम वर्मा ने 26 मई को अखण्डनगर थाने में प्राणनाथपुर बछेड़िया निवासी उदयभान निषाद, प्रदीप मालवीय, देवेन्द्र कुमार शुक्ला एवं गुड्डू के विरुद्ध हत्या के प्रयास, जान से मारने की धमकी तथा मोटरसाइकिल तोड़फोड़ समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
शिकायतकर्ता शुभम वर्मा के अनुसार प्राणनाथपुर बछेड़िया गांव स्थित विवादित भूमि की रखवाली के लिए उनके पिता व भाई मौके पर रहते हैं। आरोप है कि 26 मई की रात लगभग 10:45 बजे विपक्षीगण वहां पहुंचे और उनके परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना में उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने सिर में गंभीर चोट होने के कारण जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर कर दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप यादव ने बताया कि घायल की हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि विवादित भूमि को लेकर पूर्व से न्यायालय में मामला विचाराधीन है और स्थगन आदेश के बाद यथास्थिति कायम है। मेडिकल रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं आरोपित पक्ष का कहना है कि जमीनी विवाद को लेकर उन्हें पेशबंदी के तहत फंसाया गया है। उदयभान निषाद ने बताया कि वह ग्राम प्रधान हैं तथा विवादित भूमि पर अवैध निर्माण के खिलाफ कमिश्नर अयोध्या के यहां अपील दाखिल की गई है। वहीं देवेन्द्र कुमार शुक्ला ने कहा कि जनहित में खबरें प्रकाशित करने के कारण उन्हें साजिशन आरोपी बनाया गया है।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और किसी निर्दोष को अनावश्यक रूप से आरोपी नहीं बनाया जाएगा।

