गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिला स्तरीय सीएसआर कार्यशाला आयोजित
1 min readगंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिला स्तरीय सीएसआर कार्यशाला आयोजित
जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के लिए प्रशासन, उद्योग एवं समाज की साझेदारी जरूरी—जिला कलक्टर
धौलपुर,
राज्य सरकार के वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत बुधवार को जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सीएसआर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण एवं पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से सशक्त बनाने पर व्यापक चर्चा की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा इसे केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित न रखकर जन-आंदोलन का स्वरूप देना होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों, निजी संस्थाओं, उद्योग समूहों एवं कॉर्पोरेट संस्थानों की सक्रिय सहभागिता से ही अभियान को प्रभावी एवं स्थायी परिणाम मिल सकेंगे।
उन्होंने सीएसआर फंड का उपयोग जनहित से जुड़े कार्यों में प्राथमिकता से करने पर बल देते हुए कहा कि उद्योगपतियों एवं संस्थाओं के सहयोग से पौधारोपण, वर्षा जल संचयन संरचनाओं का निर्माण, जल स्रोतों का संरक्षण, विद्यालयों एवं खेल मैदानों का विकास तथा सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार जैसे कार्यों को गति दी जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाए तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों एवं खेल मैदानों में व्यापक पौधारोपण कराने तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करें।
कार्यशाला में वर्षा जल को भू-जल रिचार्ज से जोड़ने के नवाचारों पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता वाटर शेड लाखन सिंह मीणा ने कर्म भूमि से मातृ भूमि अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, अभियान के उद्देश्यों, लाभों एवं अब तक की प्रगति पर प्रेजेंटेशन प्रस्तुत करते हुए वर्षा जल संचयन एवं भू-जल पुनर्भरण की प्रभावी तकनीकों की जानकारी दी। कार्यशाला में जिला उद्योग महाप्रबंधक मितुल गोयल, अधीक्षण अभियंता जल संसाधन(सिंचाई) राजीव अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी राजकिरण यादव , कालीतीर परियाेजना संवेदक प्रताप रेड्डी, उद्योगपति राजीव मित्तल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा

