सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी :-डीएम
1 min readसांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी-डीएम
जिला शांति समिति की बैठक आयोजित, आगामी त्योहारों को लेकर की गई चर्चा,
धौलपुर
जिले में आपसी भाईचारे, सांप्रदायिक सौहार्द एवं सामाजिक समरसता को बनाए रखने के उद्देश्य से जिला शांति समिति की बैठक जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आगामी ईद-उल-जुहा, मोहर्रम आदि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन या पुलिस का कार्य नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने समिति सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्रों में सजग प्रहरी की भूमिका निभाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक जानकारी या धार्मिक-जातीय तनाव की आशंका हो, तो उसकी तुरंत जानकारी प्रशासन और पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की अफवाह नहीं फैलाई जाए। अफवाह फैलाने वाले के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों से कहा कि मोहर्रम के त्यौहार में ताजियों की ऊंचाई को कम से कम रखा जाए। जिससे वह किसी बिजली के तार के सम्पर्क में ना आ सके। त्योहारों के समय बाईक पर दो से अधिक लोग बैठ जाते है। जिससे उनके दुर्घटना होने की सम्भावना बन जाती है। इसलिए त्यौहारों के समय ऐसे लोगों पर विशेष ध्यान रखते हुए नियम तोड़ने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जूलुस, रैली आदि निकलते समय आमजन पुरानी इमारतों, छज्जो आदि पर चढ़ जाते है। जिससे उनके टूटने की सम्भवाना बढ़ जाती है। ऐसे लोगों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें पुरानी ईमारतों व छज्जों पर चढ़ने से रोका जाए।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने स्तर पर शांति, सौहार्द और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रयास करना चाहिए। समिति के सदस्य जब भी किसी आयोजन, जुलूस या उत्सव में भाग लें, वहां सौहार्द बनाए रखने का वातावरण निर्मित करें।
बैठक के दौरान समिति सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की स्थानीय स्थितियों से प्रशासन को अवगत कराया गया। सदस्यों ने त्योहारों के दौरान बिजली, साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण और जलापूर्ति जैसी व्यवस्थाओं को लेकर भी सुझाव दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत विवेक शर्मा, हाजी अजमेरी, ओमप्रकाश कैन, लाखन सिंह सहित विभिन्न समाजो के शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

