फिट इंडिया मिशन के तहत जिला पुलिस एवं 6वीं बटालियन आरएसी “संडे ऑन साइकिल’’ अभियान कार्यक्रम
1 min readफिट इंडिया मिशन के तहत जिला पुलिस एवं 6वीं बटालियन आरएसी धौलपुर द्वारा संयुक्त रूप से ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का किया उत्साह पूर्वक आयोजन ,
धौलपुर
फिट इंडिया मिशन के तहत जिला पुलिस एवं 6वीं बटालियन आरएसी धौलपुर द्वारा संयुक्त रूप से ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय के निर्देशन एवं जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन धौलपुर में आयोजित हुआ। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाना तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिकाऊ हवा सिंह तथा डिप्टी कमांडेंट आरएसी धौलपुर सुरेश सांखला सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्वयं गतिविधियों में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे सामूहिक योग सत्र से हुई, जिसमें पुलिस अधिकारी, जवान, उनके परिवारजन एवं आम नागरिकों ने भाग लिया। योग विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इसके बाद जुम्बा और स्किपिंग गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सुबह 8 बजे रिजर्व पुलिस लाइन से 6वीं बटालियन आरएसी तक साइकिल रैली निकाली गई, जिसे एसपी विकास सांगवान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इसमें पुलिसकर्मियों के साथ स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, एनसीसी, स्काउट, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस दौरान “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” का संदेश देते हुए लोगों को नियमित व्यायाम, योग और साइक्लिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। एसपी विकास सांगवान ने कहा कि साइक्लिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज और पुलिस के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

।।धौलपुर राजस्थान रिपोर्ट विजय शर्मा।।
