जिला प्रभारी सचिव के नेतृत्व में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक
1 min readधौलपुर राजस्थान।

राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं से आमजन को अधिकाधिक लाभान्वित करें-जिला प्रभारी सचिव राजन विशाल
जिला प्रभारी सचिव ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक
धौलपुर
25 मई से शुरू हो रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान, हरियालों राजस्थान, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, समर कंटीजेंसी प्लान सहित राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की जिला प्रभारी सचिव एवं मिशन निदेशक जल जीवन मिशन राजन विशाल ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा किए गए कार्यो की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक प्रगति हासिल करने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव ने 25 मई से 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक आयोजित होने वाले वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत अधिक से अधिक जनजागरूकता करने, जल संरक्षण संरचनाओं की साफ-सफाई करवाने तथा नई संरचनाओं के निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने 5 जून से आरंभ होने वाले हरियालो राजस्थान अभियान की अग्रिम तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में 15 लाख पौधारोपण लक्ष्य को सफल बनाने के लिए गड्ढे खोदने सहित अन्य तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि पौधे लंबे समय तक जीवित रह सकें।
जिला प्रभारी सचिव राजन विशाल ने कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत भामाशाहों के सहयोग से अधिक से अधिक रिचार्ज शाफ्ट, सोक पिट एवं अन्य जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण के निर्देश दिए। समर कंटीजेंसी प्लान की समीक्षा करते हुए उन्होंने जलदाय विभाग को ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है अथवा आपात स्थिति बनी हुई है। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों में टैंकरों एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने जलदाय विभाग, ऊर्जा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों की जिला एवं उपखंड स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुसुम योजना के कंपोनेंट ए, बी एवं सी में प्रगति बढ़ाने तथा सरकारी कार्यालयों में सोलर प्लांट स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही लाडो प्रोत्साहन योजना के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं मां योजना के तहत जिले की समस्त सरकारी एवं निजी चिकित्सा संस्थाओं में लक्ष्य एवं क्लेम्स की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में वाटर हार्वेस्टिंग बनवाना सुनिश्चित करें। जो पुराने हार्वेस्टिंग के ढाचें खराब है उनको ठीक कराया जाए। जहां नहीं है वहां पर प्लान तैयार करें। आंगनबाड़ी केन्द्रों में जेजेएम से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अण्डरग्राउण्ड टैंक बनाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्रीन हाउस एवं शेडनेट हाउस जैसी तकनीकें आने वाले समय में कृषि को अधिक लाभकारी, सतत और बाजार उन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। यदि किसान वैज्ञानिक तरीके से संरक्षित खेती अपनाते हैं, तो वे कम क्षेत्र में भी बेहतर उत्पादन लेकर आर्थिक समृद्धि की नई मिसाल स्थापित कर सकते हैं।
जिला प्रभारी सचिव ने पंच गौरव योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त ग्राम योजना, नमो ड्रोन दीदी, लखपति दीदी, बैंक सखी, कृषि सखी एवं पशु सखी योजनाओं की भी समीक्षा की गई तथा प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने प्रभारी सचिव को आश्वस्त किया कि बैठक में जो भी मार्गदर्शन दिया है उसका फॉलोअप किया जायेगा।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ, उपवन संरक्षक वी चेतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बबली राम जाट, उपखण्ड अधिकारी धौलपुर कर्मवीर सिंह सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा
