May 26, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

जल संरक्षण और हरियाली राजस्थान अभियान में नहीं रहे कोई कमी :- राजन विशाल

1 min read
Spread the love


जिला प्रभारी सचिव राजन विशाल ने की पत्रकार वार्ता
धौलपुर

जिले में जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार की दिशा में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की शुरुआत हो गई है। अभियान को लेकर जिला कलेक्ट्रेट में विशेष पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। प्रभारी सचिव राजन विशाल ने कहा कि वर्तमान समय और राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन का अभियान होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जल संरक्षण की थीम पर यह व्यापक अभियान शुरू किया गया है। 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) तक अभियान का पहला चरण चलेगा, लेकिन जल संरक्षण और संवर्धन से जुड़ी गतिविधियां बारिश के आगमन तक निरंतर जारी रहेंगी।
प्रभारी सचिव ने पूर्व में चले जल स्वावलंबन अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी अभियान को धरातल पर गंभीरता से लागू करवाने और आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने अपील की कि मीडिया इस अभियान के संदेश को जन-जन तक ले जाए ताकि लोग इससे जुड़ सकें।
उन्होंने विगत वर्ष हुए रिकॉर्ड पौधारोपण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हमारा दायित्व है कि हम आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ पर्यावरण, सुरक्षित धरोहर और समृद्ध संस्कृति सौंप कर जाएं। इसके लिए प्रकृति का संरक्षण और व्यापक पौधारोपण बेहद जरूरी है। साथ ही जल स्रोतों के आसपास प्लास्टिक का उपयोग न करने, नशाखोरी और धूम्रपान को पूरी तरह समाप्त करने का भी आह्वान किया गया।
उन्होंने कहा कि जिले में बावड़ियों का इतिहास बहुत पुराना और गौरवशाली रहा है। इन जल स्रोतों की उचित देखरेख करना हम सभी की जिम्मेदारी है। सरकार अभियान की शुरुआत एक सांकेतिक रूप में करती है, लेकिन इसके बाद समस्त विभागों, जनप्रतिनिधियों, एनजीओ और आम जनता को मिलकर इसे आगे बढ़ाना होता है। यदि सभी मिलकर काम करेंगे, तो निश्चित रूप से यह अभियान अपने मुकाम तक पहुंचेगा और सफल होगा।
इस दौरान जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वीजीजेएसजेए एप्प की जानकारी देते हुए अपील की कि संबंधित विभाग अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यक्रमों की जियो टैगिंग के माध्यम से एप्प पर फोटो अपलोड करावें। इस दौरान अन्य संबंधित अधिकारी और मीडियाकर्मी मौजूद रहें।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *