पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, बिजली विभाग के अधिकारियों को दी खुली चेतावनी
1 min readसुल्तानपुर
जनपद की चर्चित विधानसभा सीट से पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों पर जमकर नाराजगी जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं।
लंभुआ सुलतानपुर
पूर्व विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, “चौधरी साहब, नौकरी नहीं बचा पाओगे”, जिसके बाद यह वीडियो चर्चा का विषय बन गया है।
बताया जा रहा है कि वह क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर जनता की आवाज उठा रहे थे।
देवमणि द्विवेदी ने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जब बिजली उत्पादन में किसी प्रकार की कमी नहीं है तो आखिर जनता को घंटों बिजली कटौती का सामना क्यों करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद लंम्भुआ क्षेत्र में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है।
बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों कटौती की जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
साथ ही साथ उन्होंने कहा कि बिजली आने पर भी वोल्टेज इतना कम रहता है कि किसानों के नलकूप नहीं चल पा रहे हैं और घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी ठीक से काम नहीं कर रहे।
इससे खेती-किसानी के साथ-साथ घरेलू कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं, पूर्व विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों और इंजीनियरों पर जनता की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठाते।
शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं स्थानीय लोग भी बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।

