भगवान की शरण में रहने वाले का बाल भी बांका नहीं होता :- आचार्य भगवान जी महाराज
1 min readधौलपुर के परशुराम सेवा सदन में तीसरे दिन गूंजी प्रहलाद चरित्र, नरसिंह अवतार और वामन अवतार की कथा
धौलपुर।

मचकुण्ड मार्ग स्थित भगवान परशुराम सेवा सदन में चल रहे आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के तीसरे दिन शनिवार को कथा पंडाल पूरी तरह भक्ति के रंग में डूबा नजर आया। श्रीधाम वृंदावन के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक आचार्य पं. श्रीभगवान भैया जी ने अपनी मधुर वाणी से भक्तों को प्रहलाद चरित्र और भगवान नरसिंह अवतार की दिव्य कथा का रसपान कराया।
व्यासपीठ से कथा व्यास ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें हमेशा प्रभु की शरण में ही रहना चाहिए, क्योंकि जो ईश्वर की अनन्य भक्ति करता है, भगवान हर परिस्थिति में उसकी रक्षा करते हैं। कथा के दौरान हिरण्यकश्यप और भक्त प्रहलाद के प्रसंग का मार्मिक वर्णन किया गया। आचार्य जी ने बताया कि अहंकारी राजा हिरण्यकश्यप ने अपने ही पुत्र प्रहलाद को मारने के लिए कई तरह के जतन किए, पहाड़ से नीचे फिंकवाया, जहर दिया, लेकिन भगवान ने हर जगह अपने परम भक्त प्रहलाद की रक्षा की और उसका बाल भी बांका नहीं होने दिया।
बामन अवतार की झांकी देख गूंजे जयकारे:
जैसे ही कथा में भगवान विष्णु द्वारा खंभा फाड़कर नरसिंह रूप में प्रकट होने और अत्याचारी हिरण्यकश्यप का वध करने का प्रसंग आया, पूरा पंडाल ‘जय श्री कृष्णा’ और ‘नरसिंह भगवान की जय’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर निकाली गई भगवान वामन अवतार की जीवंत झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और आरती उतारी। इसके साथ ही आचार्य जी ने कथा में पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) की महिमा का भी सुंदर वर्णन किया।
धर्म करने से धन और दान करने से टलती है बला: मानव जीवन की सार्थकता बताते हुए आचार्य श्रीभगवान भैया जी ने कहा कि—
”निर्मल मन जन सो मोहि पावा, मोहि कपट छल छिद्र न भावा।” अर्थात भगवान को वही प्रिय है जिसका मन साफ और छल-कपट से दूर है। उन्होंने भक्तों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर मनुष्य को भूखे को भोजन और प्यासे को पानी पिलाना चाहिए। यदि मनुष्य धर्म के मार्ग पर चलता है तो उसका धन बढ़ता है, और यदि वह नि:स्वार्थ भाव से दान करता है, तो उसके जीवन पर आने वाली बड़ी से बड़ी बला भी टल जाती है।
आयोजन समिति के देवेश मुद्गल ने बताया कि कथा के चौथे दिन रविवार (24 मई) को दोपहर 12 बजे से वामन अवतार, श्री राम जन्म एवं धूमधाम से श्री कृष्ण जन्म महोत्सव (नंदोत्सव) मनाया जाएगा। मुख्य परीक्षित श्रीमती राजेश्वरी देवी एवं बौ. हरिदेव मुद्गल सहित संपूर्ण मुद्गल परिवार ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं को रविवार को होने वाले इस भव्य जन्मोत्सव में सपरिवार पधारने का आग्रह किया है। कथा के इस अवसर पर भाजपा नेत्री अशोक नीरजा शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता महेश मुद्गल, राजेश मुद्गल, पूर्व जिला प्रमुख पंडित किसन चंद शर्मा, पूरानचंद बोहरा, बौ. रमेश शर्मा, हरी निवास प्रधान समाज सेवी संजय दीक्षित और भारी संख्या में श्रोतागण मौजूद रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो
