पुलिस का “संडे ऑन साइकिल” अभियान 24 मई को,
1 min readधौलपुर, राजस्थान
धौलपुर पुलिस एवं 6वीं बटालियन आरएसी द्वारा फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 24 मई 2026 को “संडे ऑन साइकिल” अभियान आयोजित किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय की पहल पर आयोजित इस अभियान में धौलपुर पुलिस भी सक्रिय भागीदारी निभाएगी। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में आयोजित होगा।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, योग एवं व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। साथ ही लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ प्रदूषण कम करने और यातायात का दबाव घटाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अभियान के तहत रविवार सुबह 6:30 बजे से पुलिस लाइन धौलपुर में योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 7:15 बजे से 7:45 बजे तक जुम्बा एवं रोप स्किपिंग गतिविधियां होंगी। वहीं सुबह 8 बजे से साइकिल रैली निकाली जाएगी, जो पुलिस लाइन धौलपुर से शुरू होकर जगदीश तिराहा, गुलाब बाग, कृषि उपज मंडी होते हुए 6वीं बटालियन आरएसी धौलपुर तक पहुंचेगी।
इस कार्यक्रम में जिला पुलिस एवं आरएसी के अधिकारी और जवानों के साथ शहर के थाना अधिकारी, सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र तथा स्कूली छात्र-छात्राएं भी भाग लेंगे। पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे रविवार सुबह निर्धारित समय पर पुलिस परेड ग्राउंड धौलपुर पहुंचकर “संडे ऑन साइकिल” अभियान का हिस्सा बनें और इस जन जागरूकता पहल को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
ब्यूरो विजय शर्मा

