84 कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण के नाम पर मानक विहीन खनन का बड़ा खेल
1 min readजनपद के तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चिखड़ी स्थित झील में पिछले लगभग दो माह से बड़े पैमाने पर मानक विहीन खनन किए जाने का मामला चर्चा में बना हुआ है।

मिल्कीपुर अयोध्या
ग्रामीणों के अनुसार खनन कार्य में दो पोकलेन मशीनों और दर्जनों डंपरों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो दिन-रात नियमों को ताक पर रखकर मिट्टी की ढुलाई कर रहे थे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि डंपरों में क्षमता से अधिक मिट्टी लादकर बॉडी के ऊपर तक भराव किया जाता था, जिससे रास्ते भर मिट्टी गिरती रहती थी।
इतना ही नहीं, कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी, जबकि कई वाहन बिना सुरक्षा मानकों के सड़कों पर दौड़ते दिखाई दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि मामले की शिकायत कई बार मौखिक रूप से उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर से की गई थी।
शिकायत के बाद कुछ दिनों तक ओवरलोडिंग पर रोक लगी, लेकिन थोड़े समय बाद फिर से वही स्थिति शुरू हो गई और मिट्टी की धुलाई का कार्य लगातार जारी रहा।
खनन कार्य को लेकर बाजार वासियों और ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बनी हुई थी। लोगों का कहना है कि ओवरलोड डंपरों के संचालन से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
मामले को लेकर क्षेत्रीय पत्रकारों द्वारा लगातार संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया जा रहा था और मानक विहीन खनन के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जा रहा था।
इसी क्रम में गुरुवार को खनन इंस्पेक्टर शिवम जैन ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक जांच प्रक्रिया जारी रही।
ब्यूरो रिपोर्ट
