NH-30 पर दर्दनाक हादसा, श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 3 की मौत कई लोग घायल
1 min readमैहर: NH-30 पर दर्दनाक हादसा, श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 3 की मौत, थाना प्रभारी समेत कई घायल
मैहर।

अमदरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी समेत 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
मां शारदा के दर्शन को जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक कटनी जिले के रीठी क्षेत्र का लोधी परिवार रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से मैहर में मां शारदा देवी के दर्शन करने जा रहा था। ट्रॉली में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी सवार थे। देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से लगातार तीन बार ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली पलटकर सड़क किनारे जा गिरी।
चीख-पुकार, कई लोग ट्रॉली के नीचे दबे
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
राहत कार्य के दौरान थाना प्रभारी को भी मारी टक्कर
बचाव कार्य के दौरान ही एक अन्य अनियंत्रित ट्रक ने मौके पर मौजूद अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी को भी टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
कटनी-जबलपुर रेफर किए गए घायल
सभी घायलों को कटनी जिला अस्पताल और जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस फरार ट्रक चालकों की तलाश में जुटी है।
NH-30 पर सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने NH-30 पर तेज रफ्तार भारी वाहनों और सुरक्षा इंतजामों की कमी पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा।
