May 12, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

मंदिर परिसर में आयोजित महाआरती एवं भजन संध्या के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला

1 min read
Spread the love

धौलपुर राजस्थान।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में सोमनाथ से हुआ मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
धौलपुर के महादेव जी की बगिया मंदिर में श्रद्धा, आध्यात्म और उत्साह के साथ आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
धौलपुर, 11 मई। सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार सोमवार को देशभर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का आयोजन श्रद्धा एवं गौरव के साथ किया गया। इसी क्रम में धौलपुर जिले में जिला प्रशासन एवं देवस्थान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में महादेव जी की बगिया मंदिर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी.टी., भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, देवस्थान विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का अभिषेक एवं महाआरती की तथा जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।
मंदिर परिसर में आयोजित महाआरती एवं भजन संध्या के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर भगवान शिव की आराधना की तथा “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण को शिवमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास एवं भारतीय संस्कृति की अखंड परंपरा को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण का संकल्प भी लिया।
मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ, जिसका राज्य के प्रमुख शिवालयों सहित धौलपुर जिले के महादेव जी की बगिया मंदिर में भी लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम का अवलोकन किया।
इस दौरान जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और राष्ट्रीय अस्मिता के पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास हमें यह संदेश देता है कि हमारी आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों को कोई भी शक्ति समाप्त नहीं कर सकती। यह पर्व देशवासियों में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और जुड़ाव को और अधिक मजबूत करता है।
इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ, डॉ. शिवचरण कुशवाह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *