डोमापुर बाजार में फायरिंग से मची सनसनी, आरोपी तमंचे समेत गिरफ्तार
1 min readसुल्तानपुर जनपद के अखंड नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राहुल नगर पुलिस चौकी के डोमापुर बाजार में रविवार को गोली चलने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाजार में अचानक हुई फायरिंग के बाद लोग दहशत में आ गए और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम डोमा निवासी श्रवण निषाद पुत्र सभाजीत किसी पारिवारिक विवाद को लेकर अपने रिश्तेदार प्रवीण निषाद से उलझ गया था। विवाद बढ़ने पर प्रवीण ने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे श्रवण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी प्रवीण निषाद को मौके से ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्तौल भी बरामद कर ली गई।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।

