कव्वालों के सूफियाना कलाम से खूब रोमांचित हुए श्रोता
1 min readमेहदौना में सालाना उर्स बड़े धूमधाम के साथ सम्पन्न
मिल्कीपुर।
मेहदौना गांव में हजरत जिंदानी शाह रहमतुल्लाह अलैह का दो दिवसीय सालाना उर्स बड़े धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। उर्स के दूसरे दिन रविवार रात 10 बजे से सुबह तक जवाबी कव्वाली का आयोजन किया गया, जिसमें देश के मशहूर कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश किए।
इस जवाबी कव्वाली में मशहूर कव्वाल गुलाम हबीब पेंटर और कव्वाला उजमा नाज ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। दोनों कव्वालों ने बारी-बारी से हाजिर जवाबी भरे कलाम पेश किया।कव्वालों के कलाम से श्रोता खूब रोमांचित हुए।
इससे पहले उर्स के पहले दिन तकरीर और जलसे का आयोजन हुआ। इसमें प्रख्यात उलेमाओं ने अपने विचार साझा किए और लोगों को दीन-ईमान के रास्ते पर चलने की नसीहत दी। उन्होंने मुल्क में अमन-चैन कायम रहने की दुआ भी मांगी।
उर्स के संयोजक फिरोज खान ने बताया कि इस दौरान बड़ी संख्या में जायरीनों ने दरगाह पर पहुंचकर चादर चढ़ाई। इससे पहले गागर उठाने की रस्म अदा की गई, जिसमें जायरीनों ने गागर उठाकर गांव की अन्य मजारों तक जियारत की।
बाद में हजरत जिंदानी शाह रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पर गागर चढ़ाई गई, चादरपोशी की गई, मन्नतें मांगी गईं और फातिहा पढ़ा गया।
उर्स को सकुशल संपन्न कराने में इलाकाई पुलिस भी मुस्तैद दिखाई पड़ी।पुलिस क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर की अगुवाई में चौकी प्रभारी बारुन बाजार शिवेंद्र पाल, उप निरीक्षक देवव्रत लाल यदुवंशी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शांति और सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे।

