पटाखा दुकानें लगाने पर रोक, फिर भी नहीं माने दुकानदार
1 min readचांदा में पटाखा दुकानें लगाने पर रोक, फिर भी नहीं माने दुकानदार
प्रशासन ने निर्धारित किए थे बिक्री स्थल, चांदा के मेला वाली बाग और कोइरीपुर में सज गईं पटाखों की दुकानें
चांदा सुल्तानपुर
दीपावली पर पटाखा बिक्री को लेकर प्रशासन के निर्देशों के बावजूद चांदा और कोइरीपुर में नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, इस बार चांदा बाजार के आसपास अस्थायी दुकानें लगाने वाले पटाखा कारोबारियों को स्थानीय स्तर पर अनुमति नहीं दी गई थी। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने लम्भुआ और भदैया के रामनगर चौराहे पर ही पटाखा बिक्री के लिए निर्धारित स्थल चिह्नित किए थे।
उपजिलाधिकारी कार्यालय के अनुसार, शासन के निर्देश पर पटाखा बिक्री स्थलों पर अग्निशमन वाहन और सुरक्षा व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसी के तहत लम्भुआ और भदैया में बिक्री स्थल निर्धारित किए गए थे।
इसके बावजूद चांदा की मेला वाली बाग और कोइरीपुर में पटाखों की दुकानें लगाकर बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब इन स्थानों पर आधिकारिक रूप से दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी गई थी, तो आखिर किसके आदेश पर दुकानदार कारोबार कर रहे हैं?
क्या इन दुकानदारों को प्रशासन की ओर से अनुमति दी गई है या बिना अनुमति के ही दुकानें संचालित की जा रही हैं? इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले का संज्ञान लेकर जांच और आवश्यक कार्रवाई करता है या नहीं।
