April 25, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

बिजली चोरी पर शिकंजा, राजस्व वसूली और आपूर्ति सुधार को लेकर कड़े निर्देश

1 min read
Spread the love

डिस्कॉम सख्त बिजली चोरी पर शिकंजा, राजस्व वसूली और आपूर्ति सुधार को लेकर कड़े निर्देश,

धौलपुर
जयपुर डिस्कॉम के भरतपुर संभागीय मुख्य अभियंता विनय कुमार ने धौलपुर जिले के अभियंताओं की समीक्षा बैठक लेकर विद्युत व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में हुई रिकॉर्ड राजस्व वसूली पर अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की गई, वहीं नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत से ही फील्ड में सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
मुख्य अभियंता ने कहा कि गर्मी के मौसम में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके लिए बिजली चोरी पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए लाइन लॉस (विद्युत छीजत) को 15% तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के कारण फीडर ट्रिपिंग बढ़ती है, जिससे ईमानदार उपभोक्ताओं को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। इस स्थिति को सुधारने के लिए दिन-रात विजिलेंस चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के विभिन्न उपखंडों में लंबित बकाया राशि पर नाराजगी जताई गई और राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही 181/संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के त्वरित निस्तारण और उनकी सत्यता की जांच सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
संभागीय अधीक्षण अभियंता विवेक शर्मा ने भी वित्तीय वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड राजस्व वसूली के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग की सराहना करते हुए जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक का आभार जताया। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के लिए विद्युत तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत 20 नए ट्रांसफॉर्मर फील्ड में लगाए जा रहे हैं और कई स्थानों पर केबल बदलने का कार्य शुरू हो चुका है।
बैठक के बाद मुख्य अभियंता ने फील्ड का निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान XEN गोविंद सिंह, माखन मीना, नवीन भंडारी, AEn नवनीत कटारा, अनुराग मित्तल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
(विशेष: बिजली चोरी पर सख्ती और तंत्र सुधार के साथ डिस्कॉम की तैयारी—गर्मी में उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति का भरोसा)

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *