महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु फेज 05 के तहत CHC कूरेभार में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम
1 min readमिशन शक्ति फेज-5 के तहत CHC कूरेभार में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
छात्राओं को सुरक्षा, अधिकार और सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
कूरेभार सुल्तानपुर

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 के तहत शनिवार को थाना कूरेभार क्षेत्र स्थित सीएचसी कूरेभार में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं को सुरक्षा, अधिकार और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं और किशोरियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।
कार्यक्रम में मौजूद व0उ0नि0 राजेश कुमार यादव, मु0आ0 अमित अवस्थी, म0आ0 अंजूलता सिंह तथा म0का0 आकांक्षा यादव ने महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 102 व 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता हेल्पलाइन) तथा 112 (आपातकालीन सेवा) नंबर पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
पुलिस टीम ने महिलाओं और बच्चों को निडर होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं और बच्चों ने जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए सुरक्षा संबंधी जानकारी को उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
