दबंगों की दबंगई रास्ते में नंगा बिजली तार बिछाया, गुजर रही किशोरी को लगा करंट, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
1 min readजमीन विवाद में दबंगों की दबंगई रास्ते में नंगा बिजली तार बिछाया, गुजर रही किशोरी को लगा करंट, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
मिल्कीपुर अयोध्या
थाना खंडासा क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर में दबंगों द्वारा घर के सामने नंगा बिजली का तार फैलाने और विरोध करने पर किशोरी को करंट लगने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाना समाधान दिवस पर पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र दिया है। ग्राम मोहम्मदपुर निवासी अम्बिका प्रसाद पुत्र कुंज बिहारी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गाटा संख्या 2180 और 2178 उनकी नामजद भूमि है, जिस पर उनका लंबे समय से कब्जा है। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोग उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से आए दिन विवाद करते रहते हैं। पीड़ित के अनुसार 9 मार्च 2026 को शाम करीब 5:30 बजे विपक्षियों ने रंजिशन अपने घर के सामने एक नंगा विद्युत तार फैला दिया। उसी दौरान अम्बिका प्रसाद की पुत्री प्रीति वहां से गुजर रही थी, जो अचानक उस तार की चपेट में आ गई और करंट लगने से तड़पने लगी। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग निकले। घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नंगे तार को वहां से हटवाया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी दबंग किस्म के व्यक्ति हैं और अक्सर उन्हें जान से मारने की धमकी देते रहते हैं। कई बार जमीन की पैमाइश होने के बावजूद भी विपक्षी अवैध कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं। लेखपाल और स्थानीय प्रशासन से शिकायत करने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से परिवार भयभीत है।
इस संबंध में आरआई मुहीम खान ने बताया कि शिकायतकर्ता की जमीन होने की पुष्टि कर रिपोर्ट लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जानी है। वहीं इस मामले में थाना खंडासा के उप निरीक्षक आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता से लोकेशन बताने को कहा गया है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं, इसके बावजूद पुलिस कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अपनी जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।

