November 4, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

अवैध खनन रोकने गए राजस्व टीम पर हमले के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो थाना क्षेत्रों में मुठभेड़; तीन बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार

1 min read
Spread the love

राजस्व टीम पर हमले के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो थाना क्षेत्रों में मुठभेड़; तीन बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार


राजस्व टीम पर हमले के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो थाना क्षेत्रों में मुठभेड़; तीन बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार, राहुल सिंह समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, अवैध असलहे, कारतूस और दो लग्जरी गाड़ियां बरामद।
सुल्तानपुर।

अवैध मिट्टी खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में सुल्तानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार, 4 नवंबर 2026 की सुबह कोतवाली नगर और अखंडनगर थाना क्षेत्रों में पुलिस तथा वांछित अभियुक्तों के बीच अलग-अलग मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस प्रकार अब तक इस मामले में कुल पांच अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के मुताबिक, पहली मुठभेड़ बुधवार सुबह करीब पांच बजे कोतवाली नगर पुलिस और वांछित अभियुक्तों के बीच हुई। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में राहुल सिंह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। मौके से उसके दो अन्य साथी नौशाद और मनोज सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। घायल राहुल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद करने का दावा किया है।
वहीं, दूसरी मुठभेड़ बुधवार सुबह करीब पौने नौ बजे थाना अखंडनगर क्षेत्र में हुई। यहां पुलिस और राजस्व टीम पर हमले के मामले में वांछित संदीप सिंह तथा प्रशांत सिंह से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की काले रंग की थार गाड़ी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक दिन पूर्व अवैध मिट्टी खनन में शामिल थे। खनन की सूचना पर मौके पर पहुंची राजस्व टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर टीम पर हमला कर दिया था। मारपीट में राजस्व कर्मी घायल हुए थे। इस मामले में कोतवाली नगर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, राहुल सिंह के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, संदीप सिंह के विरुद्ध भी हत्या, गैंगस्टर एक्ट, धमकी और खान एवं खनिज अधिनियम सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
चार डंपर और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सीज
पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए चार डंपर और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज किया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *