जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न, लंबित कार्यों को पूरा कर जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए :-जिला कलक्टर
1 min read जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित
लंबित कार्यों को पूरा कर जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए-जिला कलक्टर
धौलपुर

जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक का आयोजन जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई तथा जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने उन योजनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा, जिनका कार्य पूर्ण हो चुका है, किन्तु जलापूर्ति प्रारंभ होना शेष है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसी योजनाओं को शीघ्र ही ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को हस्तांतरित किया जाए, ताकि ग्रामीण स्तर पर जलापूर्ति का संचालन स्थानीय स्तर पर सुचारू रूप से हो सके और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां कार्य धीमी गति से प्रगति पर है, वहां संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर कार्य में तेजी लाई जाए। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगामी ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति बनाए रखने और सभी जल स्त्रोतों की गुणवत्ता परीक्षण नियमित रूप से कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिला कलक्टर ने विशेष रूप से शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्यालयों में संचालित पेयजल टंकियों की सफाई तथा जल गुणवत्ता परीक्षण समय-समय पर करवाने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि जल आपूर्ति बढ़ाने के लिए विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है। स्वीकृत योजनाओं की कार्य गति तेज कर अधिक से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। पाइपलाइन बिछाने के पश्चात क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत भी सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ ने अधिकारियों को जल जीवन मिशन की प्राथमिकताओं को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता पीएचईडी राजकिरण यादव, पीएचईडी खंड धौलपुर – बाड़ी के अधिशाषी अभियंता, सभी उपखंडों के सहायक अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा
