शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई
1 min read
धौलपुर,
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग, राजस्थान की आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशानुसार 24 फरवरी से जिले में “शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार” अभियान सघन रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत गत तीन दिनों में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण, नमूनीकरण एवं जब्ती की प्रभावी कार्रवाई की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ धर्मसिंह मीणा द्वारा गठित खाद्य सुरक्षा दल ने अभियान के दौरान रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कैलादेवी फूड प्रोडक्ट्स से बेसन का नमूना लेकर लगभग 900 किलो बेसन जब्त किया गया। काली माई रोड स्थित आकाश ऑयल मिल से सरसों तेल का नमूना लेकर 300 किलो तथा गोयल ऑयल मिल से 150 किलो सरसों तेल जब्त किया गया। इसी क्रम में जानकी उद्योग, रीको इंडस्ट्रियल एरिया से गेहूं के आटे के 8 नमूने लेकर करीब 600 किलो आटा जब्त किया गया, जबकि दीपक उद्योग से गेहूं के आटा एवं मैदा के नमूने लेकर लगभग 2000 किलो आटा जब्त किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार ने बताया कि अभियान के साथ ही गुरुवार को कंचनपुर में आयोजित लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन शिविर में 41 व्यापारियों को मौके पर ही खाद्य लाइसेंस/पंजीयन जारी किए गए। साथ ही सूरज ऑयल मिल, कंचनपुर से 100 किलो, राजकुमार ऑयल मिल, काली माई रोड से 100 किलो तथा अंतराम ऑयल मिल, काली माई रोड से 360 किलो सरसों तेल नमूना लेकर जब्त किया गया। विजय ऑयल मिल से भी सरसों तेल का नमूना लिया गया।
सभी नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भिजवाए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं नियम 2011 के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व तक अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा मिलावटखोरों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान

