जिला स्तरीय निष्पादन समिति की बैठक संपन्न, शिक्षा व्यवस्था के सुधार हेतु जिला कलक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश
1 min read
धौलपुर,

जिला स्तरीय निष्पादन समिति की बैठक जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले की शिक्षा व्यवस्था और विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा के साथ-साथ 18 सूत्रीय एजेण्डा पर गहन चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिले में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयी बुनियादी ढांचे और ’समग्र शिक्षा’ के तहत चल रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति जांची गई। जिला कलक्टर ने लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला कलक्टर ने बैठक में महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने जिले के विद्यालयों की संख्या, पीएमश्री विद्यालय और महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की वर्तमान स्थिति एवं नामांकन वृद्धि की समीक्षा, निःशुल्क यूनिफॉर्म डीबीटी, आधार एवं जनाधार प्रमाणीकरण की प्रगति की जांच, साथ ही लाडो प्रोत्साहन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। एसईएएस एवं परख 2024, बोर्ड परीक्षा परिणाम और आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा, आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास और व्यावसायिक शिक्षा के संचालन में तेजी लाने के निर्देश दिए। केजीबीवी टाइप-3, मॉडल स्कूलों की समीक्षा और दिव्यांग शिक्षा के लिए उपलब्ध संसाधनों पर चर्चा, शिक्षा विभाग के निर्माण कार्यों की प्रगति और समसा कार्यालय हेतु स्थान के अभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श तथा शैक्षणिक संकेतकों में सुधार लाने और ड्रॉप-आउट दर को कम करने पर विशेष जोर दिया गया ताकि जिले का शिक्षा स्तर ऊपर उठ सके। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे धरातल पर जाकर योजनाओं की मॉनिटरिंग किया जाना सुनिश्चित करें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, उपखंड अधिकारी बसेड़ी सुरेंद्र प्रसाद, सैंपऊ बंसीधर योगी, सदस्य सचिव एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार मंगल, एडीपीसी जितेंद्र जादौन, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सूक्खो देवी रावत, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक आरडी बंसल, डीएलसी बीरी सिंह, समस्त सीबीईओ एवं शिक्षण संस्था प्रधान सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सदस्य सचिव ने जिले में चल रहे विभिन्न नवाचारों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक का समापन जिले में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
ब्यूरो विजय शर्मा
