घरेलू गैस के दुरुपयोग पर बड़ी कार्रवाई, 4 प्रतिष्ठानों पर छापा; 57 सिलेंडर जब्त
1 min read
धौलपुर

जिला रसद अधिकारी मणि खींची ने बताया कि घरेलू गैस के दुरुपयोग एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए राज्य स्तर पर संचालित विशेष अभियान के तहत मंगलवार को धौलपुर जिले के बाड़ी क्षेत्र में जिला रसद कार्यालय के प्रवर्तन दल द्वारा सघन जांच की गई। इस दौरान कुल 4 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर व्यापक अनियमितताएं उजागर की गईं।
प्रवर्तन दल ने बाड़ी शहर स्थित दिवाईपाड़ा, गांधी पार्क के पास दाउदयाल/अशोक की दुकान पर छापा मारकर 44 भरे एवं 3 खाली घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध क्रय-विक्रय और भंडारण पकड़ा। इसके अतिरिक्त पास ही सुरेशचंद एवं दिनेशचंद की दुकानों के निरीक्षण में 9 घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण एवं विक्रय पाया गया।
इसी क्रम में बाड़ी शहर के घंटाघर क्षेत्र स्थित मंगल मिष्ठान भंडार पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए 4 घरेलू गैस सिलेंडर, रेगुलेटर, नली एवं भट्टी जब्त की गई। जांच में स्पष्ट हुआ कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में किया जा रहा था, जो एलपीजी (विनियमन) नियंत्रण आदेश, 2000 का उल्लंघन है।
कुल मिलाकर कार्रवाई के दौरान 57 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए राजकीय सुपुर्दगी में लेकर बाड़ी स्थित शंभू गैस सर्विस को सुपुर्द किया गया। संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को घरेलू गैस के अवैध भंडारण एवं व्यावसायिक दुरुपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला रसद अधिकारी ने चेतावनी दी कि अभियान के अंतर्गत घरेलू गैस का दुरुपयोग, अवैध भंडारण, विक्रय एवं कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में जांच दल के सदस्य गजेंद्र बाबू शर्मा एवं जनवीश प्रसाद शर्मा (प्रवर्तन अधिकारी), जितेंद्र गोठवाल एवं जितेंद्र फौजदार (प्रवर्तन निरीक्षक) शामिल रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के हित में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान
