मिल्कीपुर तहसील में समाधान दिवस पर 121 शिकायतें दर्ज, 9 का मौके पर निस्तारण
1 min readमिल्कीपुर अयोध्या
मिल्कीपुर तहसील में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सुबह 10 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में कुल 121 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई का संदेश दिया।
समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार एवं क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह ने स्वयं उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
राजस्व मामलों की रही अधिकता
समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं।
भदोखर निवासी राम सिंह ने हल्का लेखपाल व राजस्व निरीक्षक पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना पैमाइश के गलत आख्या रिपोर्ट लगाई गई है। उन्होंने नायब तहसीलदार या तहसीलदार की उपस्थिति में पुनः पैमाइश कराने की मांग की।
सागर पट्टी निवासी दिव्यांग हरेंद्र कुमार ने गांव के एक व्यक्ति पर आने-जाने के रास्ते पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। कई बार शिकायत देने के बावजूद सुनवाई न होने की बात कहते हुए उन्होंने रास्ता खुलवाने की मांग की।
पत्रकारों द्वारा जल जीवन मिशन के कार्यों में कमियों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जहां भी कमियां पाई जाएंगी, उन्हें शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा।
इस अवसर पर तहसीलदार निरंजन वर्मा, नायब तहसीलदार आनंद प्रकाश राय, पूर्ति निरीक्षक, तीनों ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।
दिनेश कुमार

