February 18, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

खेत में जबरन रास्ता बनाने का आरोप, चार पर मुकदमा दर्ज

1 min read
Spread the love

अयोध्या

हैदरगंज थाना क्षेत्र के करौदी तिवारी का पूरा गांव में एक महिला ने अपने खेत में जबरन रास्ता बनाने का आरोप लगाया है। महिला ने गांव के चार लोगों पर खेत में मिट्टी डालकर रास्ता तैयार करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आशा देवी पत्नी राजेन्द्र प्रसाद तिवारी ने हैदरगंज थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपने खेत में गेहूं की फसल बोई थी। आरोप है कि गांव के राधेश्याम तिवारी, उनके पुत्र गोविन्द तिवारी, बृजभूषण तिवारी तथा राधेश्याम तिवारी की पत्नी सावित्री ने जबरन खेत में मिट्टी डलवाकर रास्ता बना लिया।

महिला के अनुसार, इस कार्रवाई से उनकी गेहूं की फसल को लगभग 15 से 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। जब उन्हें इसकी जानकारी मिली और वे मौके पर पहुंचकर विरोध करने लगीं, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी मौके से चले गए।

हैदरगंज थाना प्रभारी विवेक राय ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *