February 16, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

संदिग्ध परिस्थितियों में लगी भीषण आग, दो परिवारों की गृहस्थी जलकर हुई राख

1 min read
Spread the love

दुबावा पंडित पुरवा में भीषण आग, दो परिवारों की पूरी गृहस्थी राख

अयोध्या

जनपद के बीकापुर तहसील अंतर्गत दुबावा पंडित पुरवा गांव में रविवार को अचानक भड़की आग ने दो परिवारों की पूरी गृहस्थी को राख में बदल दिया। कच्चे मकानों में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घरों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार, बुधराम उर्फ राजा और राम आनंद उर्फ राजा पुत्र गुरु राम के घरों में अचानक लपटें उठीं। पहले तो गांव के लोगों ने बाल्टियों और हैंडपंप के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों मकान चपेट में आ गए।

आग में अनाज, कपड़े, बिस्तर, बर्तन, चारपाई और रोजमर्रा के उपयोग का लगभग पूरा सामान जल गया। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल आए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया। आग शांत होने के बाद हल्का लेखपाल बबीता मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी।

हालांकि आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन ग्रामीण शॉर्ट सर्किट की आशंका जता रहे हैं। घटना के बाद दोनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। उनके सामने भोजन और आश्रय की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *