महिला ने युवक पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
1 min read
अयोध्या
जनपद के कुमारगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने गांव के ही एक युवक पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि 9 फरवरी को आरोपी युवक ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि उसने पहले भी शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि पुलिस का कहना है कि उन्हें पहले इस संबंध में कोई औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार के अनुसार, महिला ने बुधवार शाम थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर तत्काल मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। इन्हीं बयानों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता के पति परदेश में रहते हैं और वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ गांव में अकेली रहती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

