आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 70 लीटर कच्ची शराब बरामद, दो गिरफ्तार
1 min readसुल्तानपुर

आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार जनपद में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत अवैध शराब के विरुद्ध सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सुल्तानपुर एवं उप आबकारी आयुक्त अयोध्या प्रभार के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी तथा उपजिलाधिकारी सदर व क्षेत्राधिकारी सदर सुल्तानपुर के निर्देशन में आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 रण विजय सिंह के नेतृत्व में दिनांक 10 फरवरी 2026 को मय स्टाफ ग्राम चुनहा एवं तिवारी का पुरवा में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मौके से 70 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करते हुए चार अभियोग पंजीकृत किए गए। साथ ही लगभग 950 किलोग्राम लहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया। इस दौरान दो अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र में संचालित आबकारी दुकानों का भी गहन निरीक्षण किया गया। दुकानों पर उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया तथा गुप्त रूप से टेस्ट परचेज कर गुणवत्ता की जांच की गई। अभियान के तहत आरओ प्लांट, कबाड़ियों की दुकानें एवं ईंट-भट्ठों की भी सघन चेकिंग की गई।
कार्रवाई के दौरान ग्रामवासियों को अवैध शराब से होने वाली सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गंभीर हानियों के प्रति जागरूक किया गया। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी
