राज-उन्नति पोर्टल की समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन,जन कल्याणकारी योजनाओं में लक्ष्य के अनुसार शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के दिए निर्देश
1 min read
धौलपुर

राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं से सम्बन्धित जिले की दिसम्बर माह में जारी की गई रैंक में विभाग की अद्यतन प्रगति एवं सहभागिता के सम्बन्ध में राज-उन्नति पोर्टल की बैठक का आयोजन जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया। बैठक में राज-उन्नति पोर्टल की समीक्षा करते हुए कहा कि कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना तथा सहकारी संस्थाओं के भण्डारण क्षमता में वृद्धि करने के लिए ग्राम सेवा सहकारी समितियों के गोदामों का निर्माण के लक्ष्यों को प्राप्त करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं की आमजन को जानकारी देकर त्वरित ढंग से कार्य कराए जाएं। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को दिव्यागों को विशिष्ट दिव्यांगता पहचान प्रमाण पत्र त्वरित गति से उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित किए जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने खाद्य सुरक्षा के तहत पात्र लोगों के अधिक से अधिक नाम जोड़े जाने हेतु निर्देशित किया।
जिला कलक्टर ने राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित खाद्य सुरक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, सिलिकोसिस नीति, कृषि, उद्योग सहित जिला परिषद की ठोस तरल कचरा प्रबंधन एवं मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियो को शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिये।
उन्होंने आमजन की प्राप्त प्रकरणों का समय सीमा में निस्तारण करवाने, संबंधित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करवाने सहित राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं से आमजन को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कृषि व उद्यान विभाग के अधिकारी को विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त लक्ष्यों को समय सीमा मे पूर्ण करने, जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों को समय पर पूर्ण करने सहित अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं में लक्ष्य के अनुसार शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के निर्देश भी दिये। बैठक में उपखण्ड अधिकारी धौलपुर कर्मवीर सिंह सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा
