नाली विवाद को लेकर हुई मारपीट, चार लोग गंभीर रूप से घायल
1 min read
अयोध्या

जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के लुत्फाबाद बछौली ग्राम पंचायत के देवीदीन मिश्र का पूर्वा गांव में देर रात सरकारी नाली को लेकर चल रहा पुराना विवाद अचानक हिंसा में बदल गया। रात के सन्नाटे में हुए इस हमले में तीन महिलाओं समेत एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने लाठी-डंडे, ईंट-गोले और हंसिया जैसे धारदार हथियारों का इस्तेमाल करते हुए पूरे परिवार पर हमला बोल दिया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घायल रामावती (70), प्रेमा देवी (52), उर्मिला देवी (45) और कृष्ण कुमार (27) गंभीर हालत में जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। घटना की जानकारी तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से पहले ही भाग निकले थे।
पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से बीकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक अनुराग गुप्ता ने उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार चारों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घायल कृष्ण कुमार का कहना है कि सरकारी नाली को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, और इसी रंजिश की वजह से विपक्षी पक्ष ने सुनियोजित तरीके से हमला किया है। उनका आरोप है कि राम सरदार मिश्रा और उनके परिजनों ने हंसिया और डंडों से हमला कर उन्हें जान से मारने की कोशिश की।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमे की प्रक्रिया चल रही है। फरार हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो सके।
